चंदौली। स्टेट मीडिया। एचपीवी वैक्सीन एक जीवन रक्षक टीका है जो ह्यूमन पेपिलोमा वायरस के संक्रमण से बचाता है। यह वायरस मुख्य रूप से महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) का कारण बनता है। इसके अलावा यह वैक्सीन अन्य कई तरह के कैंसर और मस्सों से भी सुरक्षा प्रदान करती है। कोई भी भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें, अपने बच्चियों को वैक्सीन जरूर लगवाएं, स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहना जरूरी है।
उक्त बातें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चकिया के प्रभारी डा विकास कुमार सिन्हा ने किशोरियों के अभिभावकों को जागरूक करते हुए कही।
उन्होंने बताया कि बच्चेदानी के मुंह के कैंसर के 80-90% मामलों का कारण एचपीवी वायरस ही होता है। यह वैक्सीन इस कैंसर की रोकथाम में अत्यधिक प्रभावी है। एचपीवी वैक्सीन सिर्फ महिलाओं के लिए नहीं है, यह वायरस दोनों को प्रभावित कर सकता है। अतः लड़कों को भी यह वैक्सीन लगवाना चाहिए। यह वैक्सीन यौन रूप से सक्रिय होने से पहले लगवाना सबसे फायदेमंद होता है। 9 से 14 साल की उम्र को इसे लगवाने के लिए सबसे उत्तम माना गया है। किशोरा अवस्था में यह वैक्सीन नहीं लगी है, तो इसे 26 साल की उम्र तक कभी भी लगवाया जा सकता है
15 साल से कम उम्र में आमतौर पर 6 से 12 महीने के अंतराल पर वैक्सीन की सिर्फ 2 खुराक दी जाती हैं।15 से 26 वर्ष की आयु में वैक्सीन शुरू करने पर 3 खुराकों 6 महीने की अवधि में की आवश्यकता होती है। यह वैक्सीन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को प्रेरित करती है ताकि यदि भविष्य में व्यक्ति का सामना इस वायरस से हो, तो शरीर पहले से ही उससे लड़ने के लिए तैयार रहे।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोगों को वैक्सीन लगने की जगह पर हल्का दर्द, सूजन या बुखार जैसे सामान्य लक्षण दिख सकते हैं। वैक्सीन लगवाने के लिए अपने नजदीकी डॉक्टर या सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए भारत सरकार द्वारा किशोरियों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान भी चलाए जा रहे हैं। कुछ लोग द्वारा भ्रमित करने वाले गलत संदेश फैलाया जा रहा है जो बिलकुल अफ़वाह और गलत है आप लोग किसी के बहकावे में न आयें, यह टीकाकरण बिलकुल सुरक्षित है। पुरे भारत में एचपीवी टीकाकरण अपनाया जा रहा है। अभिभावकों से निडर होकर अपनी बेटियों को यह वैक्सीन लगवाने का अपील किया ।
उन्होंने यह भी कहा कि 14 साल से उपर के बालिकाओं का स्वास्थ्य विभाग द्वारा सफल वैक्सीनेशन किया जा रहा है। इस वैक्सीनेशन की सुविधा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चकिया में नियमित रूप से उपलब्ध है।

No comments:
Post a Comment